Home / नारायणपुर / चार साल से फरार हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, धनोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चार साल से फरार हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, धनोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नारायणपुर। जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में करीब चार साल पुराने हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर निगरानी के बाद पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना धनोरा में अपराध क्रमांक 05/2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 34 में ग्राम टेकानार में हुई हत्या के मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। घटना के बाद मामले में संलिप्त तीन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश में जुटी थी और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ लगातार निगरानी की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी छोटे डोंगर मनोज मंडावी और थाना प्रभारी धनोरा सत्यवान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की पतासाजी तेज की। लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 6 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी पोयाम उर्फ कोइड़ा दण्डामी, पिता आयत राम पोयाम, उम्र 27 वर्ष, सीता राम उसेंडी, पिता स्वर्गीय सोनू राम उसेंडी, उम्र 22 वर्ष तथा सुखराम उसेंडी, पिता स्वर्गीय बोंडूंगा राम उसेंडी, उम्र 41 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम टेकानार, थाना धनोरा, जिला नारायणपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और 7 अक्टूबर 2026 को तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

धनोरा पुलिस की इस कार्रवाई को पुराने गंभीर अपराध में लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के रूप में देखा जा रहा है। नारायणपुर पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है और कानून से बचकर लंबे समय तक फरार रहना संभव नहीं है। पुलिस ने ऐसे मामलों में आगे भी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!